शिमला, 25 मई । हिमाचल प्रदेश में मई के आखिरी सप्ताह में उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के निचले और मैदानी इलाकों में तेज गर्मी कहर बरपा रही है। दिन के साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं। पिछले दो दिनों से कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। राजधानी शिमला और पर्यटन नगरी मनाली जैसे हिल स्टेशनों में भी गर्मी की तपिश महसूस की जा रही है और तापमान सामान्य से अधिक दर्ज हो रहा है। सोमवार को शिमला सहित प्रदेशभर में मौसम साफ है और तेज धूप खिली है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की संभावना है। 26 मई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सोलन जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अगले दिन 27 मई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन जिलों में भी लू चलने का येलो अलर्ट रहेगा। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
हालांकि 28 मई से मौसम करवट लेने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से प्रदेश में मौसम बदल जाएगा। 28, 29 और 30 मई को कई इलाकों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 28 और 29 मई को ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम में इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। 31 मई को भी प्रदेश के कुछ भागों में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है, हालांकि उस दिन कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार सोमवार सुबह शिमला का न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। सुंदरनगर में 17.6, भुंतर में 14.2, कल्पा में 8.6, धर्मशाला में 19.2, ऊना में 18.6, नाहन में 22.8, केलांग में 4.6, पालमपुर में 18.5, सोलन में 17.4, मनाली में 12.7, कांगड़ा में 20.4, मंडी में 18.6 और बिलासपुर में 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा जुब्बड़हट्टी में 22, कुफरी में 13.4, कुकुमसेरी में 4.6, सेओबाग में 10.4, बरठीं में 15.8, पांवटा साहिब में 26, सराहन में 16.3, देहरा गोपीपुर में 22, ताबो में 7.4 और नेरी में 22.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य से अधिक बना हुआ है। इसी वजह से अब रातों में भी गर्मी महसूस की जा रही है।