हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यभार संभाला

Share

हुड्डा, सुरजेवाला व राव नरेंद्र समेत कई नेता रहे मौजूदचंडीगढ़, 03 मई । हरियाणा महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने रविवार को प्रदेश अध्यक्ष तथा नेता प्रतिपक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कार्यभार संभाल लिया।

पर्ल चौधरी की नियुक्ति का आदेश कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी किया गया था। इससे पहले इस पद पर सुधा भारद्वाज कार्यरत थीं। उन्हें अभी पंचकूला नगर निगम सीट से कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। पर्ल चौधरी ने 2014 के विधानसभा चुनाव में पटौदी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें भाजपा की उम्मीदवार विमला चौधरी से हार का सामना करना पड़ा था। उनके पिता स्वर्गीय भूपिंदर चौधरी वर्ष 2005 में इसी सीट से कांग्रेस विधायक रहे थे।

इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा एवं महिला अध्यक्ष अलका लांबा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान पर्ल चौधरी ने संगठन को मजबूत करने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे और भी उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर राव नरेंद्र सिंह ने पर्ल चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि पार्टी को उनसे काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्ल चौधरी अपने नेतृत्व और कार्यशैली से महिला कांग्रेस को नई दिशा देंगी तथा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेंगी। पर्ल चौधरी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगी। इस अवसर पर अलका लंबा, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला कांग्रेस,रणदीप सिंह सुरजेवाला सांसद एवं महासचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी,दीपेंद्र सिंह हुड्डा सांसद, वरुण मुलाना सांसद,कर्मवीर बौद्ध सांसद,गीता भुक्कल विधायक, दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूनम चौहान हरियाणा कांग्रेस सेवा दल सुधा भारद्वाज, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं मेयर प्रत्याशी पंचकूला नगर निगम एवं कहीं कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।