कानपुर, 16 मई । सिख उद्योग व्यापार संगठन उत्तर प्रदेश द्वारा गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब चौक में ग्रंथी सिंह, रागी सिंह और सेवादारों के पचास बच्चों को नि:शुल्क स्कूल बैग एवं कॉपियां वितरित की गईं। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा के लिए समाज को आगे आकर सहयोग करना चाहिए। यह बातें शनिवार को हरविंदर सिंह भाटिया बॉबी ने कही।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था पिछले तीन वर्षों से लगातार इस प्रकार की सेवा कर रही है ताकि जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से इस सेवा कार्य को और अधिक व्यापक बनाया जा सकता है।
संगठन की ओर से समाज के लोगों से अपील की गई कि वह इस सेवा अभियान में सहयोग करें, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक सहायता पहुंचाई जा सके। कार्यक्रम में हरविंदर सिंह भाटिया बॉबी, कमल भाटिया, अमरजीत सिंह बत्रा, शम्मी सिंह, राजिंदर सिंह, कंवलजीत सिंह और जानी कुमार मौजूद रहे।