भोपालः आईपीएस अधिकारी की बेटी ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

Share

भोपाल, 26 मई । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में मंगलवार को एक आईपीएस अधिकारी की नाबालिग बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। 17 वर्षीय छात्रा 11वीं कक्षा में पढ़ती थी और परिवार के साथ रहती थी।

जानकारी के अनुसार, छात्रा ने दोपहर में घर के भीतर यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस जांच में अब तक मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है।

हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।