लखनऊ, 17 मई । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लोकभवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में चयनित 14 अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय तथा बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने ‘होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड’ का विमोचन भी किया। इसे बाल वाटिका से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। इसमें विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ-साथ उनके शारीरिक, सामाजिक, भावनात्मक, संज्ञानात्मक एवं व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों का समग्र मूल्यांकन किया जाएगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि यह आयोजन हजारों शिक्षा योद्धाओं के समर्पण, तपस्या और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि अंशकालिक अनुदेशक सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षा की अलख को निरंतर प्रज्ज्वलित रखते हुए बच्चों को खेल, कला, अनुशासन, संस्कार और जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ रहे हैं, जो मजबूत राष्ट्र की नींव तैयार करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के लिए 9,645 तथा कार्यानुभव शिक्षा के लिए 6,192 अनुदेशक कार्यरत हैं, जो विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मंत्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 में मानदेय को 7,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 17,000 रुपये प्रतिमाह किया जाना सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में हुए व्यापक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी लैब एवं आधुनिक पुस्तकालय जैसी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे ये विद्यालय नवाचार के केंद्र बनकर उभरे हैं। वर्तमान में 1,129 विद्यालयों में डिजिटल लाइब्रेरी संचालित हैं, जहां विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
————-