बलरामपुर, 13 मई । किसानों को शासन की कृषि योजनाओं का पारदर्शी और त्वरित लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर ने कृषि विभाग की समीक्षा बैठक लेकर एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संयुक्त जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में सीईओ ने कहा कि एग्रीस्टैक केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसके माध्यम से किसानों का सटीक और प्रमाणिक डाटाबेस तैयार किया जाएगा। इससे किसानों को भविष्य में बीज, खाद, फसल बीमा और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे और बिना परेशानी के मिल सकेगा।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ पंजीयन कार्य पूरा करें और राजस्व विभाग के साथ समन्वय बनाकर किसानों को जागरूक करें।
सीईओ ने निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिक से अधिक किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक आसानी से पहुंच सके।
बैठक में अपर कलेक्टर आरएस लाल, एसडीएम सहित कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।