सुपौल, 28 मई । जिले के कुनौली क्षेत्र में मद्य निषेध विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 59 बोतल नेपाली शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, डगमारा मद्य निषेध टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकरहट्टा-मझारी बांध मार्ग होकर शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद अवर निरीक्षक सुधीर कुमार ने इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने सिकरहट्टा नया टोला के पास जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक कुनौली से निर्मली की ओर जाते दिखाई दिए। संदेह होने पर टीम ने दोनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर रखे काले रंग के बैग और डिक्की से नेपाली शराब की कुल 59 बोतल बरामद की गई।
बरामद शराब की कुल मात्रा 17.700 लीटर बताई गई है।कार्रवाई के बाद टीम ने बाइक सहित दोनों तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निर्मली थाना क्षेत्र के जरौली निवासी राजकुमार यादव और बबलू कुमार के रूप में हुई है। मद्य निषेध विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।