बूंदी, 29 अप्रैल । जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र के ठीकरी कला गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। ठीकरी कला निवासी हेमराज और उसकी पत्नी रामीबाई के बीच पिछले दो दिनों से विवाद चल रहा था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर हेमराज ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से सिर और गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने घायल रामीबाई को 108 एम्बुलेंस की सहायता से तालेड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की तीन बेटियां हैं।
घटना की सूचना पर तालेड़ा पुलिस उप अधीक्षक राजेश टेलर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से जांच की है।
पुलिस के अनुसार मृतका के बच्चों से भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आरोपित हेमराज को संदिग्ध माना गया है। घटना के बाद से ही आरोपित फरार है और उसका मोबाइल फोन बंद है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।