वाराणसी,17 अप्रैल । पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार पूर्वांह में वाराणसी पहुंची। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अन्तरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री का स्वागत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल के अगुवाई में पार्टी के नेताओं ने किया। एयरपोर्ट पर कुछ देर पार्टी के नेताओं से बातचीत के बाद पूर्व केन्द्रीय मंत्री शहर के लिए रवाना हो गई। पूर्व केन्द्रीय मंत्री शहर में चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में आयोजित नारी शक्ति वंदन अधिनियम कार्यक्रम में भाग लेगी।
एयरपोर्ट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री का स्वागत करने वालों में निर्मला सिंह,अनिल श्रीवास्तव, शिवानंद राय प्रोटोकॉल प्रभारी भाजपा शैलेश पाण्डेय आदि शामिल रहे। उधर, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के तत्वावधान में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम–प्रचार अभियान’ के तहत शुक्रवार को स्कूटी रैली का भी आयोजन किया गया है। स्कूटी रैली अपरान्ह तीन बजे से विश्वविद्यालय के मुख्य भवन से प्रारम्भ होकर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, चौकाघाट होते हुए पुनः मुख्य भवन पर सम्पन्न होगी। इस रैली में विश्वविद्यालय की सभी महिला अध्यापिकाएं, कर्मचारी एवं छात्राएँ उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगी। यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।