सिया हत्याकांड के विरोध में एबीवीपी ने किया धरना प्रदर्शन, निाकली आक्रोश रैली

Share

मंडी, 16 अप्रैल । मंडी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला मंडी द्वारा सरकाघाट क्षेत्र में हुए 19 वर्षीय छात्रा सिया हत्याकांड के गंभीर प्रकरण एवं प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रभाव को लेकर कार्यकर्ताओं ने छात्रों के साथ मिलकर सरदार पटेल विश्वविद्यालय से जिला उपायुक्त कार्यालय तक एक विशाल आक्रोश रैली निकाली। रैली के पश्चात उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने तथा प्रदेश में बढ़ते नशे पर प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई।

परिषद ने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, नशा तस्करों पर कठोर कार्रवाई करने तथा युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रदेश सह मंत्री जाहन्वी चौहान’ ने कहा कि सिया हत्याकांड जैसा जघन्य और अमानवीय अपराध समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दर्दनाक, दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए भी चेतावनी है कि कानून-व्यवस्था किस हद तक कमजोर हो चुकी है। उन्होंने युवाओं और विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा दिलाने तथा नशे के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ’प्रदेश संयोजिका साक्षी ठाकुर’ ने कहा कि दिनदहाड़े हुई यह घटना प्रदेश में महिलाओं की बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते अपराधों के कारण समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है तथा अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने प्रदेश में बढ़ती ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए इसे पूरी देवभूमि की छवि पर आघात बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की। ’प्रदेश स्कूली संयोजक विशाल ठाकुर’ ने कहा कि सरकाघाट में हुई यह घटना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी नशे की हालत में था, जो प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरनाक प्रभाव को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि हाल के समय में कई घटनाओं में नशा एक प्रमुख कारण बनकर सामने आया है, जो युवाओं को गलत दिशा में धकेल रहा है।

उन्होंने नशा माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अवैध नेटवर्क को समाप्त करने तथा युवाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की मांग की। पूर्व सैनिक लीग ने भी सरकाघाट में प्रदर्शन किया। इसके अलावा दिल्ली व शिमला से भी इस हत्याकांड के खिलाफ रोष प्रदर्शन किए जाने की खबरें हैं।