रेवाड़ी, 22 अप्रैल । हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रेवाड़ी जिला को करीब एक दर्जन स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात दी है। इनमें पांच स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने के साथ-साथ सात नए उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी प्रदान की गई है। इस पहल से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह द्वारा स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर रेवाड़ी में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इन प्रस्तावों को स्वीकृति दे दी।
मंत्री ने बताया कि पीएचसी भाड़ावास और धारूहेड़ा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपग्रेड करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। इसके अलावा उपस्वास्थ्य केंद्र झाबुआ, शहबाजपुर खालसा और टींट को पीएचसी में अपग्रेड किया जाएगा। इन फैसलों से प्राथमिक स्तर पर ही बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसके साथ ही जिले के गांव मीरपुर, अशियाकी टप्पा जड़थल, भांडोर, नठेड़ा और सुरखपुर में नए उपस्वास्थ्य केंद्र खोलने को मंजूरी दी गई है। जब तक इन केंद्रों के लिए स्थायी भवनों का निर्माण नहीं हो जाता, संबंधित ग्राम पंचायतें अस्थायी रूप से बिना किराए के भवन उपलब्ध करवाएंगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं जल्द शुरू हो सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन नए और अपग्रेड किए गए संस्थानों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इससे बड़े अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा और समय पर इलाज संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, नई सुविधाएं जोड़ने और हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।