भीषण गर्मी में राघोपुर प्रखंड के सिमराही, करजाइन और गनपतगंज में पेयजल व्यवस्था नदारद

Share

सुपौल, 22 अप्रैल । जिले के राघोपुर प्रखंड में इन दिनों पड़ रही कड़ी धूप और भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुपौल जिले में महसूस किया जा रहा तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस भीषण गर्मी के बीच बाजार क्षेत्रों में पेयजल की भारी किल्लत ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

सिमराही नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में पीने योग्य पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। सिमराही बाजार के मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है, लेकिन कहीं भी शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध नहीं है। खासकर सिमराही के प्रसिद्ध हाट सह गुदरी में, जहां मंगलवार और शुक्रवार को हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं, वहां भी पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सैकड़ों व्यापारियों से नियमित रूप से राजस्व वसूला जाता है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

करजाइन बाजार की स्थिति भी चिंताजनक है। यहां भी सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं होने से दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गनपतगंज बाजार में भी हालात जस के तस हैं, जहां भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर साल गर्मी के मौसम में यही समस्या सामने आती है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई स्थायी समाधान नहीं किया जाता। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द बाजारों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि इस तपती गर्मी में राहत मिल सके।

इस मामले में राघोपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि सिमराही की व्यवस्था नगर पंचायत के अधीन है, फिर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के कहा जा रहा है। और गनपतगंज करजाइन बाजारों में वैकल्पिक व्यवस्था किया जाएगा।