हमीरपुर, 21 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के ग्राम शैदपुर स्थित एक फैक्ट्री के सामने मंगलवार को तेज रफ्तार और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने केमिकल से भरे ड्रमों से लदी पिकअप (लोडर) में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें लदे केमिकल के ड्रम फटने से रसायन सड़क पर फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन में फंस गया, जिसे राहगीरों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। इस दौरान एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने पर नाराजगी भी देखने को मिली। सूचना मिलते ही थाना राठ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों की टक्कर में घायल लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ भेजा गया।
राठ कोतवाली प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि इस सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक दीप चंद्र पुत्र अमृत सिंह निवासी सुनेरी नगर, थाना कोतवाली जनपद एटा तथा पिकअप चालक अमन निवासी कोसी, जनपद मथुरा घायल हुए हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पिकअप चालक अमन की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया, जबकि ट्रक चालक का उपचार जारी है। हादसे की जांच कराई जा रही है। ————–