नेपाल में लगातार बारिश के कारण काठमांडू-सिंधुली राजमार्ग बंद

Share

काठमांडू, 25 अप्रैल । नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण काठमांडू-सिंधुली राजमार्ग पर शनिवार दोपहर से यातायात रोक दिया गया।

धुलिखेल पुलिस के अनुसार नमोबुद्ध से मंगलटार तक का सड़क खंड शाम 6:30 बजे से बंद कर दिया गया है। रोशी नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने से बाढ़ और हाई-वे को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

सूचना अधिकारी एवं डीएसपी रविन विष्ट ने लोगों से सड़क की स्थिति का आकलन करने के बाद ही यात्रा करने और अगली सूचना तक इस मार्ग से बचने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि रोशी नदी में पहले आई बाढ़ अस्थायी डायवर्जन मार्गों को भी बहा चुकी है, जिन्हें हाई-वे संचालन बनाए रखने के लिए बनाया गया था।

पिछले वर्ष आई बाढ़ और भूस्खलन से रोशी और नेपालथोक क्षेत्रों में लगभग 18 किलोमीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद यातायात बहाल करने के लिए अस्थायी वैकल्पिक मार्ग बनाए गए थे। इसी तरह इस वर्ष मार्च के तीसरे सप्ताह में आई बाढ़ ने उसी क्षेत्र में लगभग चार किलोमीटर सड़क फिर से बहा दी थी, जिसके बाद अस्थायी मार्गों का पुनर्निर्माण करना पड़ा।

सड़क विभाग ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी सड़क निर्माण कार्य जारी है, जो पिछले वर्ष की भीषण बाढ़ के बाद से लगातार संवेदनशील बने हुए हैं।