सारण, 30 अप्रैल । छपरा बाल भवन किलकारी के नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने रामायण पर आधारित नृत्य नाटिका के जरिए पौराणिक काल को जीवंत कर दिया। इसके साथ ही राजस्थानी लोक नृत्य घूमर की मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में भव्य बना दिया। नृत्य प्रशिक्षक मोहम्मद आरिफ के मार्गदर्शन में 80 से अधिक बच्चे इस विशेष प्रशिक्षण सत्र में अपने कौशल को निखार रहे हैं।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बिहार की कला और संस्कृति को बढ़ावा देना है। बच्चों के जीवंत प्रदर्शन को देख पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। मौके पर मौजूद अभिभावक पूनम कुमारी ने किलकारी संस्थान की सराहना करते हुए इसे बच्चों की प्रतिभा निखारने का सर्वश्रेष्ठ केंद्र बताया। कार्यक्रम का सफल समापन सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अनुभवी सिन्हा द्वारा दिए गए धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।