कोडरमा, 17 अप्रैल । पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शुक्रवार को जिला न्यायालय, कोडरमा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक रतिभान सिंह, परिचारी प्रवर विधान शर्मा, प्रभारी, अभियोजन कोषांग विनोद कुमार, थाना प्रभारी विकास पासवान उपस्थित थे।
निरीक्षण के क्रम में न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्गों पर तैनात पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, आगंतुकों की जांच व्यवस्था एवं बंदी पेशी की सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक की ओर से न्यायालय परिसर में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्देश दिया गया।
उन्होंने सभी को सतर्क और मुस्तैद रहकर ड्युटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष नजर रखने तथा सुरक्षा मानकों का कडाई से पालन करने के लिए निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश और निकास मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने यहां तैनात पुलिस बल को प्रत्येक व्यक्ति की अनिवार्य रूप जांच सुनिश्चित करने, बिना जांच किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं देने और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस पदाधिकारी और जवानों से कहा कि न्यायालय परिसर अति संवेदनशील स्थल है, सुरक्षा के सभी मानकों का कडाई से पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी को मुस्तैदी, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।