खूंटी, 10 अप्रैल । झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आर रॉनिटा और एसपी मनीष टोप्पो ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल को ब्रीफिंग दी।
इस दौरान परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए जरूरी निर्देश दिया गया।
बैठक में बताया गया कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने 12 अप्रैल को जिले में झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4668 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में कराया जाएगा।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए।
सभी प्रतिनियुक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, माइक्रो ऑब्जर्वर और पुलिस बल को जेएसएससी की ओर से जारी सभी एसओपी का सख्ती से पालन करने को कहा गया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पदाधिकारियों को सतर्क रहते हुए समय पर रिपोर्टिंग करने और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, समय पर प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न होने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैनात पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने देने की हिदायत दी।
ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।