पलामू में भीषण गर्मी से बढ़ा पेयजल संकट, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Share

पलामू, 27 अप्रैल । भीषण गर्मी के कारण पलामू जिले में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। बढ़ती जल समस्या को देखते हुए झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने सोमवार को पलामू परिसदन में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पेयजल संकट के त्वरित समाधान और खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान मंत्री ने पेयजल से जुड़ी लघु अवधि (शॉर्ट टर्म) योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तेजी से कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

समीक्षा में बताया गया कि जिले में 1 अप्रैल तक कुल 27 हजार 37 चापाकल स्थापित हैं, जिनमें से लगभग 4 हजार चापाकल खराब पड़े हैं। इनमें 1370 चापाकल एसआर (स्पेशल रिपेयर) के अंतर्गत हैं, जबकि 2017 चापाकल राइजिंग पाइप सड़ने के कारण खराब हो गए हैं। विभाग ने बताया कि चापाकलों की मरम्मत के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं है।

इस पर मंत्री ने पिछले वर्ष दी गई 1 करोड़ रुपये की अनाबद्ध राशि से खराब चापाकलों को तत्काल ठीक कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने उपायुक्त को डीएफएमटी फंड से मरम्मत कार्य और राइजिंग पाइप की खरीद के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि खराब चापाकलों की जानकारी एकत्र करने के लिए पंचायत भवनों में फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे। इन फ्लेक्स पर विभागीय कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर और मिस्त्री के मोबाइल नंबर अंकित रहेंगे, ताकि ग्रामीण सीधे संपर्क कर खराब चापाकलों की सूचना दे सकें। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में भी त्वरित मरम्मत संभव हो सकेगी।

खराब चापाकलों की मरम्मत के लिए 17 विशेष वाहन भी लगाए जाएंगे, जो विभिन्न पंचायतों में जाकर मरम्मत कार्य करेंगे। इससे कार्य में तेजी आएगी और अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सकेगी।

इस बीच राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री ने सभी विधायकों को पत्र लिखकर प्रत्येक प्रखंड में 20-20 नए चापाकल लगाने की अनुशंसा करने का आग्रह किया है। इस योजना के तहत जिले के 21 प्रखंडों में कुल 420 नए चापाकल लगाए जाएंगे, जिससे भविष्य में जल संकट को कम करने में मदद मिलेगी।

मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि पलामू प्रमंडल से आने के कारण उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि यहां की पेयजल समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार की पहल कर लोगों को राहत पहुंचाई गई थी।

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जिले का जलस्तर 55 से 60 फीट नीचे चला गया है, जो बेहद गंभीर स्थिति है। उन्होंने कार्यपालक अभियंता सहित सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगले डेढ़ से दो महीने तक भीषण गर्मी बनी रहेगी, इसलिए इस अवधि में पूरी गंभीरता और मेहनत से कार्य कर पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए।