धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक सड़क हादसे में दंपती की मौत हो गई, जबकि उनका बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना जीटी रोड काशीटांड़ के पास की है, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि बाइक संख्या (जेएच 10 सीआर 3134) पर सवार एक दंपती और उनका बच्चा गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काशीटांड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से बरवाअड्डा पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एसएनएमएमसीएच धनबाद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दंपती को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्चे की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
मृतकों की पहचान बगदाहा, राजगंज निवासी राजकुमार महतो और उनकी पत्नी सरस्वती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार महतो पेशे से राजमिस्त्री थे।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए। पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जांच शुरू कर दी है।