ब्राउन शुगर गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार

Share

पूर्वी सिंहभूम, 28 अप्रैल । पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत मऊभंडार ओपी क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में एसडीपीओ अजीत कुजूर ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मऊभंडार पुलिस ने छापेमारी कर सुजीत राणा, करण व्यास, अर्जुन व्यास, सौरभ दत्ता और संजय दत्ता को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से कुल 58 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन करीब 9.380 ग्राम है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी मऊभंडार ए ब्लॉक और मनोहर कॉलोनी के निवासी हैं।

एसडीपीओ ने जानकारी दी कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह आदित्यपुर और सरायकेला क्षेत्र से ब्राउन शुगर लाकर घाटशिला और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई करता था। खासकर स्कूल और कॉलेज के छात्रों को निशाना बनाकर उन्हें नशे की लत में धकेलने की साजिश रची जा रही थी, ताकि कम उम्र में ही ग्राहक तैयार किए जा सकें और अवैध कारोबार को तेजी से फैलाया जा सके।

पूछताछ के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम सुराग मिले हैं। एसडीपीओ ने कहा कि गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस सख्त अभियान चला रही है।

इस कार्रवाई में प्रखंड विकास पदाधिकारी घाटशिला यूनिका शर्मा, मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता, एसआई मुकूट आईद, एएसआई मार्सेज हेरेज, चतरगुन राउत और विकास विरहोर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।