अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, एक करोड़ की हेरोइन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

Share

किशनगंज, 26 अप्रैल । जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की 515.670 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पोठिया थाना क्षेत्र के फुलवाड़ी तैयबपुर गांव में बड़े पैमाने पर ड्रग्स की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद जिला आसूचना इकाई के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर शनिवार देर रात छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान वाहिद के घर पर पुलिस पहुंचते ही पांच लोग भागने लगे, जिनमें से तीन को मौके पर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रहवर आलम, रफीक अंसारी और मो. सद्दाम शामिल हैं। वहीं मुख्य आरोपी वाहिद और हमीदुल फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस ने 515.670 ग्राम हेरोइन, एक चार पहिया वाहन, दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन, नाप-तौल मशीन, बैंक दस्तावेज और नेपाली करेंसी बरामद की है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह नेपाल से लेकर बिहार, बंगाल और तेलंगाना (हैदराबाद) तक फैला हुआ है। ड्रग्स का नेटवर्क अंतरराज्यीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, गिरोह का एक सदस्य हैदराबाद से तकनीकी माध्यम से डीलिंग कर रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए तेलंगाना पुलिस से संपर्क किया गया है। रविवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर छापेमारी की जा रही है। साथ ही तस्करों की अवैध संपत्ति की भी जांच कर उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में पोठिया थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।