जगदलपुर, 28 अप्रैल । बस्तर जिले के नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री और स्थानीय विधायक केदार कश्यप ने मंगलवार 28 अप्रैल को क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। मंत्री श्री कश्यप ने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनियागांव और भानपुरी क्लस्टर में आयोजित भव्य कार्यक्रमों में कुल 8 करोड़ 09 लाख 71 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न बुनियादी ढांचागत कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण संपन्न किया।
वन मंत्री केदार कश्यप ने बनियागांव में सुबह आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की कनेक्टिविटी सुधारने हेतु 1 करोड़ 47 लाख 76 हजार रुपये के कार्यों की आधारशिला रखी और पूर्ण हो चुके कार्यों को जनता को समर्पित किया। इसमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 27 लाख 76 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बनियागांव से कुच्चीगुड़ा सड़क का भूमिपूजन शामिल रहा, जबकि बस्तर विकास प्राधिकरण के माध्यम से पूर्ण हुए तुरपुरा की सीसी सड़क और केशरपाल के अहाता निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
उन्होंने अपने भ्रमण के दौरान दोपहर भानपुरी में आयोजित द्वितीय चरण के कार्यक्रम में विकास की एक बड़ी झड़ी लगी। यहां कुल 6 करोड़ 61 लाख 95 हजार रुपए की विकास परियोजनाओं पर मुहर लगी, जिसमें 6 करोड़ 23 लाख 09 हजार रुपए की भारी-भरकम राशि से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत भानपुरी से पदरपारा, फरसागुड़ा से खासपारा और भानपुरी-चित्रकोट मार्ग से धनवाड़पारा तक सड़कों का जाल बिछाया जाएगा। साथ ही, मुरकुची हाई स्कूल में प्रार्थना शेड निर्माण का भूमिपूजन करने के साथ-साथ विधायक निधि और विकास प्राधिकरण के अंतर्गत भानपुरी, तारागांव और विश्रामपुरी क्लस्टर में नवनिर्मित सीसी सड़कों एवं पुलिया निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी गई।
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सड़क, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अपने उद्बोधन में जोर देते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि धरातल पर विकास को उतारना है। आज जिन सड़कों और भवनों का भूमिपूजन हुआ है, वे आने वाले समय में इस क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक तस्वीर बदल देंगे। अच्छी सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक ग्रामीणों की पहुंच को भी आसान बनाती हैं। वन मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि नारायणपुर विधानसभा का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े, इसके लिए हम निरंतर प्रयासरत हैं।