डबल मर्डर मामले में आरोपित गिरफ्तार

Share

नई दिल्ली, 18 अप्रैल । दक्षिण दिल्ली के सीआर पार्क इलाके में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस ने देर रात मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित की पहचान आसद के रूप में हुई है, जो तारा अपार्टमेंट का ही रहने वाला है। वारदात के पीछे पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि यह वारदात 17 अप्रैल की रात करीब 9:30 बजे सामने आई, जब तारा अपार्टमेंट, अलकनंदा से तीन घायलों को साकेत स्थित अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने 62 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय बेटे करण सूद को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनका रिश्तेदार राहुल घायल हालत में भर्ती है और उसका इलाज जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित और मृतकों के बीच काफी समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था, जो धीरे-धीरे दुश्मनी में बदल गया। इसी रंजिश के चलते आरोपित ने धारदार हथियार से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पहले भी वर्ष 2005 में संगम विहार थाने में एक मामला दर्ज हो चुका है।

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी एवं स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपित को ट्रैक किया गया। देर रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद औपचारिक गिरफ्तारी की गई। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वारदात की साजिश कब और कैसे रची गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वारदात के समय आरोपित ने अचानक हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इतनी बड़ी सोसायटी में घटना होने के बावजूद कोई भी व्यक्ति बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।