करिश्मा कपूर के बच्चों को राहत, संजय कपूर की संपत्तियां बेचने पर हाई कोर्ट की रोक

Share

नई दिल्ली, 30 अप्रैल । दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी राहत दी है। उच्च न्यायालय ने दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्तियों को किसी तीसरे पक्ष को बेचने पर रोक लगा दी है। अब प्रिया कपूर संजय कपूर की संपत्तियां नहीं बेच सकेंगी। जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच ने कहा कि प्रिया कपूर को करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से उठाए गए शक को दूर करना होगा।

उच्च न्यायालय ने संजय कपूर के अकाउंट को फ्रीज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि अगर वसीयत जाली साबित होती है तो यह समायरा और कियान के साथ नाइंसाफी होगी। सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के बच्चों ने संजय कपूर के कथित वसीयतनामे को फर्जी करार दिया है। करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से पेश वकील महेश जेठमलानी ने संजय कपूर की संपत्तियों को तीसरे पक्ष को बेचने पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि संजय कपूर एक सफल बिजनेसमैन थे। संजय कपूर जैसा पढ़ा-लिखा व्यक्ति ऐसी वसीयत नहीं बना सकता है।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रिया कपूर को संजय कपूर की संपत्ति का पूर्ण विवरण दाखिल करने का निर्देश दिया था। करिश्मा कपूर ने अपने दोनों बच्चों के अभिभावक के रुप में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ की। याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ कर उनकी पूरी संपत्ति पर अपना नियंत्रण चाहती है। यही वजह है कि संजय कपूर की वसीयत में करिश्मा कपूर के बच्चों को कोई हक नहीं दिया गया है।

संजय कपूर की वसीयत 21 मार्च, 2025 की बतायी जा रही है। इस वसीयत के मुताबिक संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर की होगी। उच्च न्यायालय में दायर याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर ने इस वसीयत संजय कपूर की मौत के सात हफ्तों तक छिपाए रखा। वसीयत का खुलासा 30 जुलाई को तब की गई, जब एक पारिवारिक बैठक थी।

संजय कपूर की मौत 12 जून को पोलो खेलने के दौरान विंडसर, ब्रिटेन में हो गई थी। याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने कहा है कि उनका संजय कपूर से काफी नजदीकी रिश्ता था और वे अक्सर छुट्टियों में जाकर उनसे मिलते थे। संजय कपूर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और वित्तीय सुरक्षा का हमेशा ही आश्वासन देते थे।

याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने मांग की है कि उन्हें संजय कपूर का प्रथम श्रेणी का उत्तराधिकारी घोषित किया जाए और संजय कपूर की संपत्ति में से उन्हें पांचवें हिस्से का अधिकार दिया जाए। याचिका में अंतरिम मांग की गई है कि याचिका के निस्तारण तक संजय कपूर के व्यक्तिगत संपत्तियों को फ्रीज किया जाए।