देवरिया, 20 अप्रैल । उत्तर प्रदेश में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत देवरिया में तैनात ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा का तबादला कर उन्हें हापुड़ का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया है। यह स्थानांतरण शासन ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया है।
श्रुति शर्मा ने देवरिया जनपद में करीब 19 माह तक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रुप में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को गति देने, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल को जिले में सक्रिय, संवेदनशील और परिणामोन्मुख प्रशासन के रूप में देखा गया। कई योजनाओं की जमीनी निगरानी और अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया।
वर्ष 2022 बैच की आईएएस अधिकारी श्रुति शर्मा शैक्षणिक रूप से भी उत्कृष्ट रही हैं। अपने शैक्षणिक और प्रशासनिक अनुभव के बल पर उन्होंने सेवा के शुरुआती दौर में ही अपनी कार्यक्षमता का प्रभाव छोड़ा। उन्होंने 30 अगस्त 2024 को देवरिया में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। अपने कार्यकाल के दाैरान उन्होंने जिले में कई जनहितकारी पहलों को आगे बढ़ाया और शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया।
फिलहाल श्रुति शर्मा अवकाश पर हैं, लेकिन हापुड़ में सीडीओ के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस पद पर रहते हुए उन्हें जिले में विकास कार्यों की निगरानी, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।