देवरिया, 18 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की थाना गौरीबाजार पुलिस ने शनिवार काे दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी से चार घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की एक बाइक, घटना में प्रयुक्त एक अन्य मोटरसाइकिल, 13 हजार रुपये नकद, एक फर्जी नंबर प्लेट और चार मास्टर चाबियां बरामद की हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस ने चीनी मिल ग्राउंड के पास से आरोपित गोरखपुर के अमडीहा निवासी लालू विश्वकर्मा (25) व देवानंद पासवान उर्फ लड्डू (20) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक मोटर साइकिल बरामद हुई, जो 16 अप्रैल को मझना नाला के पास से चोरी हुई थी। पूछताछ में आरोपितों ने गौरीबाजार और रुद्रपुर क्षेत्र से तीन अन्य बाइक चोरी की घटनाओं को भी कबूल किया। उन्होंने स्वीकारा कि बाइक चोरी कर बिहार बार्डर पर बेचते थे और मिलने वाली रकम से अपना जीवन यापन करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।