नेपाल के उद्यमियों ने जोगबनी–कोलकाता एक्सप्रेस के दैनिक परिचालन एवं समय में सुधार की मांग

Share

रेलवे बोर्ड के महाप्रबंधक को लिखे गए पत्र में बताया गया कि वर्तमान में यह ट्रेन सप्ताह में केवल तीन दिन चलती है, जो नेपाल के पूर्वी हिस्से और बिहार के उत्तर-पूर्वी जिलों के यात्रियों की व्यापक आवश्यकताओं को देखते हुए बिल्कुल अपर्याप्त है। व्यवसाय, चिकित्सा, शिक्षा, रोज़गार और पारिवारिक यात्रा के लिए जोगबनी–कोलकाता रूट पर निर्भर लोगों को नियमित सेवा न होने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जोगबनी क्षेत्र से कोलकाता के लिए लंबी दूरी की यह ट्रेन ही प्रमुख विकल्प है। सीमित दिनों में संचालन होने से टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है और भारी भीड़ के कारण यात्रियों को असुविधा उठानी पड़ती है। इसलिए इस एक्सप्रेस ट्रेन को दैनिक चलाए जाने की मांग की गई है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि ट्रेन का वर्तमान प्रस्थान समय यात्रियों के लिए अनुकूल नहीं है। फिलहाल ट्रेन जोगबनी से दोपहर 14:50 बजे खुलती है और कोलकाता में रात 2:35 बजे पहुंचती है। यह समय विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और परिवार के साथ यात्रा करने वालों के लिए असुरक्षित और असुविधाजनक है। रेलवे के अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि कोलकाता पहुंचने का समय सुबह या देर शाम जैसा अधिक उपयुक्त रखा जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो सके।

पत्र में कहा गया कि यदि यह मांगें पूरी होती हैं, तो इससे हजारों यात्रियों, व्यापारियों और दोनों देशों के सीमा क्षेत्रों के लोगों को अत्यधिक लाभ होगा। साथ ही भारत–नेपाल के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे।