फतेहाबाद: सरपंच से मारपीट पर भाजपा नेता पर केस दर्ज

Share

फतेहाबाद: सरपंच से मारपीट पर भाजपा नेता पर केस दर्ज

दूसरे पक्ष ने भी दर्ज करवाई एफआईआर

फतेहाबाद, 24 मई (हि.स.)। रतिया में सरपंच और बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष के बीच शुक्रवार को हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने शनिवार को दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिए हैं। रतिया शहर पुलिस ने सरपंच सर्वजीत सिंह की शिकायत पर बीजेपी नेता धर्मपाल शर्मा के खिलाफ, जबकि धर्मपाल शर्मा की शिकायत पर सरपंच व उसके पांच अन्य साथियों पर केस दर्ज किया है। पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्मपाल पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल का खास समर्थक हैं। दोनों ही पक्षों पर भारतीय न्याय संहिता की पांच धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में गांव भुंदड़वास के सरपंच सर्वजीत सिंह ने बताया है कि वह 23 मई को अपने किसी काम के लिए बीडीपीओ ऑफिस रतिया आया था। वहां पर गांव का ही पूर्व सरपंच धर्मपाल शर्मा पहले से ही बैठा था। वहां एसडीओ भी मौजूद थे। वहां पर किसी बात को लेकर सामान्य बातचीत हो रही थी। अचानक से पूर्व सरपंच ने तैश में आकर उसके साथ हाथापाई व गाली-गलौज शुरू कर दी। उसको धर्म के खिलाफ गाली देकर उसके कपड़े, दस्तार, दाढ़ी व केश आदि पकड़ कर घसीटने लगा। बाल पकडक़र नीचे गिराकर उसको थप्पड़ मुक्के भी मारे व कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि धर्मपाल पहले से ही चुनाव में हार जाने के कारण चुनावी रंजिश रखता है। उसके कार्यकाल के दौरान हुए घपले के कारण जांच भी चल रही है, जिसकी वजह से भी वह उससे रंजिश रखता है। उसने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। दूसरी तरफ पुलिस को दी शिकायत में बीजेपी नेता एवं पूर्व सरपंच धर्मपाल ने कहा कि वह अपने निजी काम के लिए बीडीपीओ ऑफिस गया था। वहां उसके साथ गांव भुंदड़वास निवासी सतवीर भी था। वहां सरपंच सर्वजीत सिंह और उसको घूरने लगा। वह वहां से उठकर एसडीओ ऑफिस की तरफ चला गया तो सरपंच सर्वजीत ने उसे रोककर गंदी गालियां देते हुए कहा कि तूने मेरी आरटीआई लगवा रखी है।आरटीआई लगाने वाले की तूं पैरवी करता है। तेरे को हम बताते हैं। यह कहकर उसके थप्पड़ मुक्के, लात घुसे मारने शुरू कर दिए तथा नीचे गिरा दिया। शुक्रवार को रतिया के बीडीपीओ कार्यालय में गांव भुंदड़वास के सरपंच सर्वजीत सिंह और पूर्व सरपंच धर्मपाल शर्मा के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट के आरोप लगाए। सरपंच सर्वजीत सिंह के समर्थकों ने धर्मपाल शर्मा व उसके साथी को पीट दिया था। इस मामले में रतिया एसएचओ रणजीत सिंह ने कहा कि फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।