फतेहाबाद: काफिला रुकवाकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को संभाला - सरस जनवाद

फतेहाबाद: काफिला रुकवाकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को संभाला

Share

फतेहाबाद, 30 जून । राजनीति और वीआईपी प्रोटोकॉल काे एक तरफ करते हुए मंगलवार को फतेहाबाद में मानवता की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए न केवल अपना काफिला रुकवाया, बल्कि सडक़ दुर्घटना में घायल एक बाइक सवार को खुद संभालकर उसे प्राथमिक उपचार दिलवाया। मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता अपने काफिले के साथ सिरसा में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने जा रही थीं। उनके साथ फतेहाबाद के बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा भी मौजूद थे। जैसे ही उनका काफिला फतेहाबाद बाईपास के नजदीक पहुंचा, तभी सामने एक बाइक सवार अचानक असंतुलित होकर सडक़ पर गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार को काफी चोटें आई। डॉ. अर्चना गुप्ता ने दुर्घटना को देखते ही तुरंत अपने काफिले को रुकवा दिया। सुरक्षा और प्रोटोकॉल की परवाह न करते हुए वे गाड़ी से नीचे उतरीं और जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा व अन्य कार्यकर्ताओं के सहयोग से घायल व्यक्ति को संभाला। डॉ. अर्चना गुप्ता ने घायल को ढांढस बंधाया और मौके पर ही उसे प्राथमिक उपचार मुहैया कराया।