फतेहाबाद: प्रतियोगिताओं में भाग लेने से छात्रों में बढ़ता है आत्मविश्वास: ढालिया

Share

फतेहाबाद: प्रतियोगिताओं में भाग लेने से छात्रों में बढ़ता है आत्मविश्वास: ढालिया

फतेहाबाद, 18 अप्रैल (हि.स.)। पीएमश्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, खारा खेड़ी में तीन दिवसीय संकुल स्तरीय करनाल संकुल, एथलेटिक्स मीट तथा संभाग स्तरीय आर्चरी ट्रायल्स जयपुर संभाग का आयोजन करवाया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर करनाल संकुल का ध्वज फहराकर संकुल और संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता कर रहे विद्यार्थी खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करना न केवल खेलों के महत्व को बढ़ावा देता है, बल्कि विद्यार्थियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को भी प्रोत्साहित करता है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने से छात्रों में आत्मविश्वास और एकजुटता का विकास होता है। इस दौरान एडीसी ने विद्यालय प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया। प्राचार्य अनूप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने कालबेलिया नृत्य, लिलिपुट डांस, पंजाबी डांस, हरियाणवी डांस, एकल गायन व एकल नृत्य प्रस्तुत किए। इस संकुल स्तरीय एथलेटिक्स मीट में करनाल संकुल के 16 अलग-अलग विद्यालयों की कुल 82 छात्राओं तथा संभाग स्तरीय आर्चरी ट्रायल्स में जयपुर संभाग के 13 अलग- अलग विद्यालयों के कुल 51 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभागिता की। तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स मीट में 3000 मीटर, 1500 मीटर, 800 मीटर, 600 मीटर, 400 मीटर, 100 मीटर व 80 मीटर दौड़, लंबीकूद, जैवलीन थ्रो, डिस्कस थ्रो, हैमर थ्रो, ट्रिपल जंप, ऊंची कूद तथा शॉटपुट आदि खेलों की प्रतिस्पर्धाएं हुई। आर्चरी ट्रायल्स में अंडर 14, 17 और 19 वर्ग के बालक-बालिकाओं की 20, 30, 40 और 50 मीटर दूरी के इवेंट्स हुए। समापन समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अलग-अलग स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल्स तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप प्राचार्या कुसुम गुप्ता, वरिष्ठ अध्यापक अखिलेश कुमार अग्रवाल, विजयपाल, शंभु दयाल, श्रीश कुमार, बीना शर्मा, राजेश कुमार सिवाच, विजय पाल, सुंदर प्रकाश कौशिक, सुदेश, संदीप कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा विद्यार्थी मौजूद रहे।