हरियाणा सरकार के बजट से फतेहाबाद जिले के हाथ लगी निराशा
फतेहाबादख्, 17 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा पेश किए गए बजट से फतेहाबाद जिले को निराशा हाथ लगी है। बजट में फतेहाबाद में किसी बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की गई जिससे जिलावासी निराश है। बता दें कि फतेहाबाद जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के विधायक है और हाल ही में जाखल नगरपालिका में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है।
बजट में फतेहाबाद की अनदेखी को भी लोग इसी से जोडक़र देख रहे हैं। प्रदेश सरकार के बजट को विपक्ष ने एक छलावा बताया है। फतेहाबाद से कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया का कहना है कि बजट में सरकार द्वारा फतेहाबाद जिले के साथ सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने फतेहाबाद की अनेक मांगों को विधानसभा में उठाया था लेकिन बजट में सीएम ने फतेहाबाद के विकास की एक भी मांग को पूरा नहीं किया है।
किसान सभा ने भी प्रदेश सरकार के बजट को निराशाजनक बताया है। किसान नेता जगतार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पेश किया गया बजट निराशाजनक व शब्द अडंबर के अलावा कुछ नहीं है। इसमें प्रदेश की बुनियादी समस्याओं का संबोधन सिरे से गायब है। केंद्रीय बजट में भी कृषि क्षेत्र में अनेक कटौतियां की गई थी और अब राज्य के बजट में भी कृषि और किसानों के लिए कोई भी उल्लेखनीय राहत नहीं दी गई। कृषि में बढ़ते लागत मूल्य को कम करने के कारगर कदम उठाए जाने चाहिए थे परन्तु बजट में ऐसा कोई भी प्रावधान नहीं है। जैविक खेती, भंडारण,भूमि संरक्षण,फसल चक्र में परिवर्तन करने जैसी जुमलेबाजी हर वर्ष के बजट में दोहराई जाती है परन्तु होता कुछ नहीं है। शहरी आवास क्षेत्र में भाजपा सरकार ने जो नीति अपनाई है वह प्राईवेट बिल्डर और बड़ी पूंजी के हित साधने पर केंद्रित है और इसमें गरीब व आम नागरिकों को आवास प्रदान करवाए जाने जैसा कुछ भी नहीं है जैसा कि मुख्यमंत्री ने अपने बजट भाषण में दावा किया है।