यमुनानगर: कांग्रेस निगम चुनाव में अपनी हार मान चुकी है, मैदान में कहीं नहीं: कंवर पाल - सरस जनवाद

यमुनानगर: कांग्रेस निगम चुनाव में अपनी हार मान चुकी है, मैदान में कहीं नहीं: कंवर पाल

Share

यमुनानगर: कांग्रेस निगम चुनाव में अपनी हार मान चुकी है, मैदान में कहीं नहीं: कंवर पाल

यमुनानगर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनाव में अपनी हार मान चुकी है और वह मैदान में कहीं नहीं है। उन्होंने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी नगर निगम चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी सुमन बहमनी एक लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज करेंगी और सभी 22 वार्डों में भी भाजपा प्रत्याशी जीतेंगे।

नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के रोड शो की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को यमुनानगर में भाजपा के निगम चुनाव कार्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जगाधरी- यमुनानगर में एक विशाल रोड शो शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की यमुनानगर- जगाधरी ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में एक तरफा लहर है और एक बड़े अंतर से जनता के आशीर्वाद से भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बनने जा रही है।

इस दौरान यमुनानगर के भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि यमुनानगर में हमारे 12 वार्डों के कार्यकर्ताओं की एक बैठक ली है और कार्यकर्ताओं में बहुत भारी उत्साह है। हमारा बूथ मजबूत है और हम कार्यकर्ता और मजबूत बूथ की बदौलत नगर निगम चुनाव जीतने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों में विश्वास बढ़ा है और हमारी पार्टी का मुख्य उद्देश्य है कि हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें। उन्होंने कहा कि शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नगर निगम चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशियों के लिए रोड शो में शामिल होकर जनता से वोट की अपील करेंगे।