भोपाल, 03 नवंबर । वेतन वृद्धि, नियमितीकरण सहित लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर के सफाईकर्मी मंगलवार को भोपाल में प्रदर्शन करेंगे। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन (7262) के बैनर तले कर्मचारी नीलम पार्क में प्रदेशव्यापी धरना देंगे। इसमें भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सफाईकर्मियों के शामिल होने की संभावना है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 4 नवंबर से प्रदेश के नगरीय निकायों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने बताया कि आंदोलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों सफाई कर्मचारी और अन्य कर्मचारी वर्ग के लोग शामिल होंगे। कर्मचारियों की वेतन बढ़ाने, स्थायी करने सहित कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों को लेकर पहले भी प्रदर्शन किए गए, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। इसी के चलते यूनियन ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का निर्णय लिया है।
प्रदेश अध्यक्ष झांझोट के मुताबिक मंगलवार को धरना प्रदर्शन के दौरान सरकार की ओर से मांगों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद है। यदि मांगों के निराकरण को लेकर ठोस निर्णय नहीं हुआ तो 4 नवंबर से प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के सफाई कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे निकायों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
प्रदर्शन को लेकर सोमवार को भोपाल में सरकारी कचरा संग्रहण गाड़ियों पर लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से अनाउंसमेंट किए जाने का मामला भी सामने आया। इसकी शिकायत नगर निगम अधिकारियों तक पहुंची है। बताया गया कि यूनियन के आंदोलन का प्रचार सरकारी कचरा गाड़ियों के जरिए किया जा रहा था। इस पर आपत्ति जताई गई है कि निगम के संसाधनों का इस्तेमाल किसी कर्मचारी संगठन के आंदोलन के प्रचार के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
