यमुनानगर से हज यात्रा पर गए युवक का दिल का दाैरा पड़ने से निधन
यमुनानगर, 23 दिसंबर (हि.स.)। सऊदी अरब में हज यात्रा पर गए यमुनानगर निवासी 68 वर्षीय ताहिर हुसैन की वहां पर हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। परिवार को जहां एक और उनकी मौत पर दुःख है, वहीं नबी के शहर में उनकी मौत पर खुशी भी जाहिर करते हुए बताया कि उनकी मौत नबी के शहर में हुई है। यह करोड़ों लोगों में से किसी भाग्य वाले की ही नसीब होती है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार उनके शव को नबी के शहर में दफनाया गया है।
सोमवार को अधिक जानकारी देते हुए यमुनानगर के चांदपुर निवासी मृतक ताहिर हुसैन (68) के परिजन ने बताया कि वह 20 दिन की हज यात्रा के लिए अपनी पत्नी व भतीजे के साथ सऊदी अरब गए हुए थे। उनकी यात्रा पूरी होने में वहां पर अभी पांच दिन के करीब बाकी रह गए थे। उन्हें वहां पर अटैक आ गया और उन्हें इलाज के वहीं अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से रविवार रात को इसकी जानकारी मिली। उन्हें बताया ताहिर हुसैन के शव को लाना मुश्किल था इसलिए वहीं उन्हें दफना दिया गया है।
परिजन का कहना है कि उनके परिवार में दो बेटे और पांच बेटियां हैं। जहां एक और परिजन के लिए यह दुख की बात है, वहीं परिजनाें का कहना है कि मौत तो एक दिन सभी को आनी है। जिस तरह से नबी के शहर में उनकी मृत्यु हुई है तो वह सीधे अल्लाह की दरगाह में गए हैं। इसमें कोई शक नहीं और उन्हें जन्नत नसीब होगी। यह हमारे लिए खुशी की बात है। धर्म के अनुसार यह करोड़ों लोगों में से किसी एक भाग्य वाले को ऐसी मृत्यु नसीब होती है।