मनरेगा सामाजिक अंकेक्षण में विभिन्न योजना में मिली गड़बड़ी

Share

मनरेगा सामाजिक अंकेक्षण में विभिन्न योजना में मिली गड़बड़ी

पलामू, 23 दिसंबर (हि.स.)।जिले के नीलाम्बर पीताम्बर प्रखंड स्तरीय महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का वित्तीय वर्ष 2020- 21, 2021- 22, 2022-23 का सामाजिक अंकेक्षण प्रखंड कार्यालय के सभागार में हुआ।

इस दौरान ज्यूरी सदस्य प्रखंड प्रमुख सुनील कुमार पासवान, पूर्वी जिला परिषद सदस्य विजय राम, लोकपाल पलामू शंकर कुमार, बीजीवीएस लेस्लीगंज शैलेश प्रसाद वर्मा, झारखंड सामाजिक अंकेक्षण सोसायटी कार्यकारिणी सदस्य जेम्स हेरेंज, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह के जरिये दीप प्रज्जवलित कर अंकेक्षण कार्य का शुभारम्भ किया गया। अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख सुनील कुमार पासवान ने की।

मौके पर विभिन्न मनरेगा योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। कुछ योजनाओं को छोड़ कर ज्यादातर मनरेगा योजना में गड़बड़ी पाई गई। ज्यूरी सदस्यों के जरिये जांच के बाद रोजगार सेवकों की ओर से साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभिन्न योजनाओं में जुर्माना लगाया गया। जुर्माना की राशि 15 दिनों के भीतर प्रखंड कार्यालय में जमा करना होगा।

जांच के दौरान कोटखास पंचायत और जामुडीह पंचायत में मनरेगा योजना में बड़ी गड़बड़ी पाए जाने पर तत्कालीन कोटखास रोजगार सेवक मो. हसन को जम कर फटकार लगाई। ज्यूरी के सदस्यों ने निर्णय लिया कि कोटखास पंचायत योजना स्थल पर लोकपाल की अध्यक्षता में पूर्वी जिला परिषद एवं प्रखंड प्रमुख जांच के बाद प्रतिवेदन के बाद ही मामले को निष्पादित किया जाएगा। वहीं 45 दिनों के अंदर जांच एवं प्रतिवेदन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

मौके पर सोशल ऑडिट यूनिट पलामू के सदस्य आश्रिता तिर्की, सुशील एक्का, रामटहल प्रजापति, अवधेश महतो सहित सभी मुखिया के साथ बीपीओ एवं रोजगार सेवक उपस्थित थे।

—————