कोडरमा के 174 पोषण सखी को विधायक डॉ नीरा यादव ने दिया नियुक्ति पत्र

Share

कोडरमा के 174 पोषण सखी को विधायक डॉ नीरा यादव ने दिया नियुक्ति पत्र

कोडरमा, 20 दिसंबर (हि.स.)। कोडरमा परियोजना के प्रखंड सभागार में शुक्रवार को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी डॉ रेखा रानी की अध्यक्षता में पोषण सखियों को नियुक्ति पत्र वितरण के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव उपस्थित थीं।

डॉ नीरा यादव ने पोषण सखियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे वह दिन याद है जब पोषण सखी छोटे-छोटे बच्चों को लेकर विधानसभा का घेराव कर रहे थीं। आज वह संघर्ष का दिन खुशी के दिन में बदला है। मैं आप सभी पोषण सखियों को पूरा भरोसा देती हूं कि कभी फिर से आप सबों के साथ दोबारा ऐसी नौबत नहीं आने दूंगी। इसके लिए मैं हर समय आप सबों के साथ पूर्व की भांति कम से कदम मिलाकर चलने का कार्य करूंगी।

उन्होंने कहा कि आप सब अपने आंगनबाड़ी के पोषक क्षेत्र में ईमानदारी पूर्वक अपने कार्य का निर्वहन करें। पोषण सखियों को बाल विकास परियोजना पदाधिकारी डॉ रेखा रानी ने धन्यवाद देते हुए उनके संघर्ष की तारीफ की। साथ ही उनके चयन के मकसद के बारे में बताया।

सभा को प्रमुख सुषमा देवी, अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, बीस सूत्री अध्यक्ष प्रभात कुमार ने भी संबोधित किया। मंच पर उपस्थित सभी मंचासीन लोगों के द्वारा पोषण सखियों को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया। जिसमें राखी रजक, उर्मिला कुमारी, जरीना खातून, रंजू देवी, संजू देवी, बबली कुमारी, नेहा सिंह, मुक्त कुमारी, विनीता यादव, फरहत जहां, रजनी देवी आदि शामिल थी। मंच संचालन पप्पू कुमार यादव ने किया। मौके पर राजीव कुमार, विशंभर नारायण, श्वेता कुमारी, पूनम कुमारी, महिला पर्यवेक्षक राजनंदिनी कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।

—————