फतेहाबाद : एडीसी कार्यालय का स्टेनो साइबर ठगी का शिकार, हजारों गंवाये
फतेहाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। एडीसी कार्यालय में कार्यरत स्टेनो को बातों में फंसाकर साइबर ठगों ने उससे हजारों रुपये ऐंठ लिए। इस बारे पीडि़त कर्मचारी द्वारा अब पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है, जिसके बाद मंगलवार को पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में गांव सुलीखेड़ा निवासी राम सिंह ने कहा है कि वह अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में बतौर स्टेनो के पद पर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत काम करता है।
कुछ दिन पहले उसके पास संजना नाम से एक व्हाटसअप मैसेज आया, जिसमें उसने बताया कि वह ऑनलाइन प्लेटफार्म पर काम करते हैं, जिसमें उसे कोई पैसा इन्वेस्ट करने की आवश्यकता नहीं है। वह उनके फाइनेंशियल एडवाइजर के माध्यम से लाभ कमा सकते है। राम सिंह ने बताया कि संजना ने अपने टेलीग्राम अकाउंट से बात की और प्रोसेस बारे बताया। इसके बाद उसे एक टास्क देकर एक हजार रुपये जमा करवाने के लिए कहा।
इस पर उसने एक हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद उसने एक फाइनेंशियल एडवाइजर से बात की और उसे दस हजार 500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद उसने 18091 रुपये भेज दिए। इसके बाद उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला। राम सिंह ने कहा कि इस तरह आरोपियों ने उसे विश्वास में लेकर कुल 40090 रुपये ऑनलाइन फ्रॉड किया है। इस पर उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में भट्टूकलां पुलिस ने धोखाधड़ी बारे केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।