फतेहाबाद: रास्ता पूछने के बहाने महिला की बालियां व मोबाइल छीना

Share

फतेहाबाद: रास्ता पूछने के बहाने महिला की बालियां व मोबाइल छीना

फतेहाबाद, 29 अक्टूबर (हि.स.)। रतिया रोड स्थित गांव अहरवां में कार सवार युवक-युवती द्वारा एक महिला को लिफ्ट के बहाने कार में बिठाकर उससे सोने की बालियां व मोबाइल छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। कार की टक्कर से घायल महिला को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में ढाणी रूड़ी वाली, अहरवां निवासी कर्मजीत कौर ने कहा है कि गत दिवस सुबह वह अपने घर से आंगनबाड़ी केन्द्र में जा रही थी। रास्ते में एक गाड़ी में एक लडक़ा और लडक़ी सवार होकर आए। इन लोगों ने उससे रतिया जाने का रास्ता पूछा। उसने रास्ता बता दिया। इसके बाद थोड़ी दूर जाकर इन लोगों ने कार को रोक लिया और उससे पूछा कि आपको कहां जाना है, वह उसे आगे छोड़ देंगे। इसके बाद वह कार में सवार हो गई। इसके बाद उक्त युवक-युवती उसे मारने की धमकी देने लगे और कार को भगा लिया।

इन लोगों ने उसे कान की बालियां उतारने को कहा लेकिन जब उसने बालियां नहीं उतारी तो युवक ने उसके सिर पर कापे से हमला किया और उसकी गर्दन पर कापा रख दिया। इसके बाद युवक-युवती ने उसके कानों से बालियां निकाली और मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद उक्त लोग उसे भरपूर रोड पर उतारकर कार से टक्कर मारकर रतिया की तरफ फरार हो गए। बाद में महिला को उपचार के लिए फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवक-युवती के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।