उमरिया: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हथिनी अनारकली ने बच्चे को दिया जन्म

Share

उमरिया, 15 मई (हि.स.)। बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से वन्य जीव प्रेमियों के लिए खुश कर देने वाली खबर आई है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में नया मेहमान आया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बुधवार को हथिनी अनारकली ने नर बच्चे को जन्म दिया है। बच्चे के जन्म की जानकारी के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में खुशी का माहौल हैं। मजे की बात यह है कि बच्चे के पिता गौतम हाथी को कैंप की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है।

जानकारी के लिए बता दें कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की अनारकली की उम्र लगभग 60 वर्ष है। अनारकली का जन्म 1964 में हुआ था। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने अनारकली को सन 1978 – 79 में सोनपुर बिहार मेला से बांधवगढ़ लाया था। यहां आने के बाद अनारकली ने पांचवें बच्चे को जन्म दिया है। जन्म के बाद से ही डॉक्टरों की टीम निगरानी में जुटी हुई है। हथिनी के स्वास्थ्य की जांच की जा रही हैं। हथिनी अनारकली द्वारा आमा नाला कैंप में बच्चें को जन्म देने के बाद बांधवगढ टाइगर रिजर्व प्रबंधन में आमानाला कैंप की सुरक्षा बढ़ा दी है। गौतम हाथी को सुरक्षा के लिए तैनात किया है। बीट गार्ड, चारा कटर सहित महावत 24 घंटे कैंप में रहेंगे और हथिनी और नवजात बच्चे की निगरानी करेंगे।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि आज सुबह 6.15 बजे हथिनी के नर बच्चे को जन्म दिया हैं। हथिनी को उच्च गुणवत्ता का राशन दिया जाएगा। हथिनी का डॉक्टरों की टीम निगरानी कर रही है।