उज्जैनः संभागायुक्त और कलेक्टर ने किया सप्त सागर का निरीक्षण

Share

– पांच जून से शुरू होगा जलस्रोतों के संरक्षण, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का अभियान

उज्जैन, 30 मई (हि.स)। जिले में पांच जून से जल स्रोतों के संरक्षण, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का अभियान चलाया जाएगा। इसी तारतम्य में गुरुवार को संभागायुक्त संजय गुप्ता और कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने उज्जैन के सप्त सागर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्रम से रुद्र सागर, पुष्कर सागर, क्षीर सागर, गोवर्धन सागर विष्णु सागर, पुरुषोत्तम सागर और उंडासा स्थित रत्नाकर सागर का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम आयुक्त आशीष पाठक, एसडीएम एलएन गर्ग सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त गुप्ता ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अमले को निर्देशित किया कि सप्त सागरों का सुव्यवस्थित ढंग से रखरखाव किया जाए। जहां गहरीकरण की आवश्यकता है, वहां गहरीकरण कराएं। अभियान के दौरान पौधारोपण और सौंदर्यीकरण भी कराएं जाएं। क्षीर सागर की रेलिंग की मरम्मत कराएं। गोवर्धन सागर का गहरीकरण कर तलाब के एरिया का विस्तार किया जाएं। इसी प्रकार उन्होंने विष्णु सागर सहित अन्य तालाबों के भी साफ सफाई और सौंदर्यीकरण किए जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान जगह जगह डेडीकेटेड टीम लगाकर जल स्रोतों के संरक्षण पौधारोपण और सौंदर्यीकरण कराया जाएं। अभियान से विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं, सामाजिक संगठनों और एनजीओ की भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि सप्त सागरों में आवश्यक साफ सफाई, रंगाई पुताई और मरम्मत कराएं। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशीष पाठक द्वारा जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के अभियान की कार्य योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गईं।