राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रामनवमी पर्व की दी बधाई

Share

देहरादून, 16 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रामनवमी पर बधाई देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें उनके महान आदर्शों और उच्च नैतिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने अपने जारी संदेश में कहा कि रामनवमी का शुभ अवसर हमें परोपकार, त्याग, प्यार, करुणा जैसे उच्चतम नैतिक व सामाजिक मूल्यों और आदर्श समाज की स्थापना के लिए प्रेरित करता है।

राज्यपाल ने कहा की यह हम सबके लिए परम सौभाग्य का समय है कि सदियों के लम्बे इंतज़ार के बाद अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम सिर्फ भारतवासियों के लिए ही नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए अद्वितीय आदर्श हैं। राज्यपाल ने रामनवमी के पावन अवसर पर प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति एवं खुशहाली की कामना की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भगवान राम हमारी आस्था और विश्वास के प्रतीक हैं, उनका आदर्श चरित्र हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने पर इस वर्ष रामनवमी का महत्व और बढ़ गया है। रामनवमी के अवसर पर सूर्य की किरणों से भगवान के मस्तक पर होने वाला दिव्य अभिषेक का अवसर भी अविस्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के व्यक्तित्व को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिये।

उन्होंने कहा कि यह यह पर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का प्रतीक है। नवरात्र का यह पर्व समाज में नारी के महत्व और सामर्थ्य को इंगित करता है। इस अवसर पर किया जाने वाला कन्या पूजन नारी शक्ति के महत्व को दर्शाता है।