छतरपुर:केन बेतवा लिंक परियोजना कलश यात्रा में खजुराहो सांसद और राज्यमंत्री शामिल हुए

Share

छतरपुर, 12 मार्च (हि.स.)। छतरपुर जिले के बमीठा में केन-बेतवा लिंक परियोजना कलश यात्रा में खजुराहो सांसद व्ही.डी. शर्मा एवं वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने सहभागिता की। इस दौरान राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल रहे।

इस अवसर पर सांसद व्ही.डी. शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देशभर की नदियों को जोड़ने का सपना देखा था, बुंदेलखण्ड में केन बेतवा लिंक परियोजना की शुरुआत कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अटल जी का सपना पूरा किया है। चाहे पीने का पानी हो या सिंचाई के लिए पानी की जरूरत, केन-बेतवा लिंक परियोजना बुन्देलखंड क्षेत्र के लिए वरदान सिद्ध होगी। संसदीय क्षेत्र खजुराहो के पन्ना एवं छतरपुर ज़िले को इसका लाभ मिलेगा। क्षेत्र के किसानों की आय दोगुना करने में यह परियोजना मील का पत्थर बनेगी। इस अवसर पर मुख्य अभियंता सागर आर.डी. अहिरवार, अधीक्षण यंत्री सी.वी. अहिरवार, जल संसाधन विभाग ईई आशीष महाजन, दिलीप मिश्रा उपस्थित रहे।

बमीठा में खेल स्टेडियम का हुआ उद्घाटन

सांसद खजुराहो व्ही.डी. शर्मा और वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने छतरपुर जिले के बमीठा में खेल स्टेडियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया, जनपद सीईओ राकेश शुक्ला, मुकेश सिंह चतुर्वेदी, चंद्रभान सिंह गौतम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।