भाजपा ने आईएनडीआई गठबंधन पर साधा निशाना, कहा- न्यायप्रणाली पर दबाव बनाना इनका चरित्र

Share

नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन सभी आईएनडीआई गठबंधन का चरित्र न्यायप्रणाली पर दबाव बनाना है। भाजपा ने कहा कि आईएनडीआई गठबंधन का काम झूठ बोलो, पकड़े जाओ तो विक्टिम हुड कार्ड खेलो और अगर यह भी काम न आए तो संस्थाओं पर दबाव बनाना है। गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज कुछ कानूनविदों और वक्ताओं ने सीजेआई को पत्र लिखा कि कैसे कुछ राजनीतिक दल न्याय प्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। न्यायिक व्यवस्था को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस बार बार कहती है कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है लेकिन इमरजेंसी किसने लगाई थी ?लोकतंत्र के आवरण में भ्रष्टाचार का स्वांग रचते हैं। आज साबित हो चुका है। अपने आप को बचाने के लिए न्याय प्रणाली पर अनर्गल आरोप लगाते हैं। आईएनडीआई गठबंधन न्यायप्रणाली पर दबाव बनाने और न्यायिक व्यवस्था को बदनाम करने का बीड़ा उठा रही है। इससे चाहे पूरी दुनिया में गलत संदेश क्यों न चला जाए। इनका चरित्र उजागर हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोर्ट को पहली बार राजनीतिक ड्रामा का अखाड़े बनाने की कोशिश की गई। कोर्ट के पावन फ्लोर को राजनीतिक नौटंकी बनाने का प्रयास किया गया जो आज पूरे देश ने देखा।