राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में संत मंडल आश्रम ने निकाली कलश यात्रा - सरस जनवाद

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में संत मंडल आश्रम ने निकाली कलश यात्रा

Share

हरिद्वार, 18 जनवरी (हि.स.)। 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीराम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में संत मंडल आश्रम खडखड़ी के परमाध्यक्ष स्वामी राममुनि महाराज के सानिध्य में कलश शोभायात्रा निकाली। कलश शोभायात्रा हरकी पैड़ी ब्रह्मकुंड से गंगा जल लेकर संत मंडल आश्रम पर संपन्न हुई।

इस मौके पर संत मंडल आश्रम के परमाध्यक्ष महंत राममुनि महाराज ने कहा कि उनके ब्रह्मलीन गुरुदेव तत्कालीन विधायक महामंडलेश्वर स्वामी जगदीश मुनि 1992 में हुई कार सेवा में विवादित ढांचा ढहाने के मुकदमे में नामजद आरोपी थे। उनका सपना था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, जो 22 जनवरी को पूरा हो रहा है। राम मुनि महाराज ने कहा कि भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर से देश तरक्की की ओर अग्रसर होगा और विश्वगुरु बनेगा।

उन्होंने कहा कि हमें भगवान राम के जीवन चरित्र को अपने जीवन में ग्रहण करना चाहिए और आने वाली पीढ़ी को भगवान राम के बारे में बताना चाहिए। जिससे भारत में राम राज्य की स्थापना पूर्ण रूप से हो सके।

कलश शोभायात्रा में पूर्व मेयर मनोज गर्ग, भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रवि कश्यप, बलकेश राजोरिया, सुनील सेठी, ओम प्रकाश जमदग्नि, विकास तिवारी, लव शर्मा, पूर्व पार्षद अनिरुद्ध भाटी, मंडल अध्यक्ष तरुण नैयर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास शर्मा, अजय अरोड़ा, डा.प्रेमप्रकाश सतलेवाल सहित सैकड़ों संत और श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग किया।