हरिद्वार, 12 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय भाषा उत्सव पर आयोजित भाषण में शगुन शर्मा और चित्रकला पोस्टर प्रतियोगिता में राकेश नेगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भारतीय भाषा उत्सव पर भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन में भाषा और लोक संस्कृति की भूमिका पर आधारित भाषण और चित्रकला पोस्टर प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह संस्कृत विभाग के महर्षि दयानंद सभागार में आयोजित किया गया। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं और शोध अध्येताओं ने बढ़ चढ़कर प्रतिभाग किया।
भाषण और चित्रकला पोस्टर प्रतियोगिता के निर्णायक मण्डल में डॉ. मनीला, डॉ. दीपा गुप्ता और डॉ. वरुण बख्शी ने ज्यूरी की भूमिका का निर्वहन किया विश्वविद्यालय के वित्ताधिकारी और इतिहास विभाग के प्रो. देवेन्द्र कुमार गुप्ता ने मुख्य निर्णायक के रूप में विजेता छात्र-छात्राओं के नाम की घोषणा की।
भाषण प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान उज्ज्वल शुक्ला और तृतीय स्थान हिमांशी तोमर ने प्राप्त किया। इस वर्ग में प्रोत्साहन पुरस्कार अभय बड़गोती एवं जसवन्त सिंह को प्रदान किए गए। चित्रकला-पोस्टर प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान निशांत तिवारी और तृतीय स्थान अंजलि मौर्य ने प्राप्त किया इस वर्ग में प्रोत्साहन पुरस्कार दीया चौधरी एवं गुंजन शर्मा को प्रदान किए गए। इस अवसर भारतीय भाषा कला और संस्कृति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रो. ब्रह्मदेव ने सभी विजयी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं हमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ती हैं। प्रो. ब्रह्मदेव ने आगामी वर्ष में व्यापक स्तर इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की घोषणा की।
संचालन डॉ. हिमांशु पंडित ने किया। समारोह में प्रो. मृदुला जोशी, डॉ. अजित तोमर, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. गौरव भदौरिया सहित छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।