गाजियाबाद, 27 दिसंबर (हि.स.)। विद्या भारती ने कविनगर रामलीला मैदान में 31 दिसंबर को होने वाले समुत्कर्ष विद्यार्थी समागम कार्यक्रम के लिए बुधवार को भूमि पूजन किया। इस समागम में लगभग 7000 भैया-बहिन, उनके अभिभावक, अध्यापक तथा महानगर के प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह समागम के मुख्य अतिथि होंगे। भूमि पूजन में भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री राम वरुण, प्रदेश निरीक्षक विशोक शर्मा सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संयोजक विपिन राठी ने बताया कि विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान मेरठ प्रांत से संबद्ध गाजियाबाद के सभी विद्यालयों द्वारा 31 दिसंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से कविनगर के रामलीला मैदान में विद्यार्थी समागम समुत्कर्ष का आयोजन किया जा रहा है। समागम का उद्देश्य भैया बहनों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जाने वाली गतिविधियों को समाज के सामने रखना है। साथ ही नई शिक्षा नीति की बारीकियों से अभिभावकों को अवगत कराना है। इस कार्यक्रम में विद्या भारती के पांच आधारभूत विषयों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों व आने वाली भावी पीढ़ी को संगीत शिक्षा, शारीरिक शिक्षा, योग शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा के प्रति जागरूक करना है ताकि भावी पीढ़ी का निर्माण हो सके।
राठी ने बताया कि कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हो इसलिए सबसे पहले विद्या भारती के अधिकारियों द्वारा रामलीला मैदान कविनगर में भूमि पूजन एवं यज्ञ किया गया। भारतीय शिक्षा समिति के प्रदेश निरीक्षक विशोक शर्मा यज्ञ के मुख्य यजमान रहे। इस अवसर पर महेश चंद्र शर्मा, शिवकुमार शर्मा, पंकज शर्मा आदि गण्यमान्य उपस्थित रहे। आचार्य शिवकुमार शर्मा के सान्निध्य में यज्ञ सम्पन्न हुआ।