देहरादून, 15 दिसम्बर (हि.स.)। वित्त मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं में “बिल लाओ इनाम पाओ” योजना के प्रति लोकप्रियता दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। नवम्बर माह में 64828 बिलों को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि योजना की लोकप्रियता को देखते हुए योजना के अंतर्गत मासिक पुरस्कार देने की अवधि को 31 मार्च, 2024 तक बढ़ा दिया गया है।
शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में वित्त मंत्री डाॅ. प्रेम चन्द अग्रवाल की ओर से 01 सितम्बर 2022 से शुरू की गई “बिल लाओ इनाम पाओ” योजना के 12वें और 13वें लकी ड्रॉ की घोषणा ऑनलाइन माध्यम से की गई। जिसमें अक्टूबर और नवम्बर माह में उपभोक्ताओं द्वारा अपलोड किये गये बिलों को शामिल किया गया।
मंत्री ने कहा कि आज का समारोह ऐसे उपभोक्ताओं में से 12वें और 13वें मासिक लकी ड्रॉ के विजेताओं का चयन किये जाने के लिए आयोजित किया गया है, जिनके द्वारा पंजीकृत व्यापारियों से की गयी खरीद पर प्राप्त बिल को ऐप पर अपलोड किया गया था। उन्होंने कहा कि नवम्बर माह में 64828 बिल 26 करोड़ 50 लाख रुपये हैं, जोकि एक रिकाॅर्ड है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को मासिक पुरस्कार के अंतर्गत 1500 पुरस्कार दिए जा रहे हैं। आज के पश्चात भी प्रत्येक माह 31 मार्च तक उपभोक्ताओं के पास बिल अपलोड करने पर मासिक पुरस्कार के रूप में 500 मोबाइल फोन, 500 स्मार्ट वॉच तथा 500 ईयर फोन को जीतने का अवसर होगा। वित्त मंत्री ने लकी ड्रॉ की घोषणा करते हुए जनता से प्रत्येक खरीद पर बिल प्राप्त करने की अपील भी की।
मंत्री ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि “बिल लाओ इनाम पाओ” योजना के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ी है। पूरे देश में यह इस तरह की यह एक मात्र योजना है। उन्होंने कहा कि पूर्णतः पारदर्शी तरीके से लकी ड्रा निकाले जा रहे हैं जिसके लिए उन्होंने जीएसटी विभाग का भी आभार व्यक्त किया।