सपा की हर बूथ संभालेंगी महिला कार्यकर्ता, मिशन 2024 को देंगी धार

Share

04HREG351 सपा की हर बूथ संभालेंगी महिला कार्यकर्ता, मिशन 2024 को देंगी धार

मीरजापुर, 04 नवम्बर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी की जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को लोहिया ट्रस्ट पर हुई। जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दृष्टिगत संगठन को बूथ स्तर से मजबूत करना है। बढ़ती महगांई और बेरोजगारी से जनता त्रस्त है। कार्यकर्ताओं से कहा कि वे हर घर पार्टी का झंडा लगाएं। इस बार लोकसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित व अल्पसंख्यक) मिलकर केंद्र की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गरीब, किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान, महिलाओं के लिए विकास कार्य किए गए हैं। प्रदेश में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। इसका लाभ आगामी लोकसभा चुनाव में मिलेगा। प्रदेश सचिव शोभनाथ यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा का परचम लहराने के लिए कार्यकर्ता जनसंपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमला यादव ने कहा कि भाजपा शासनकाल में महंगाई और बेरोजगारी अप्रत्याशित तरीके से बढ़ी है। बूथ के साथ जाति गणना भी करें। इसके लिए हर बूथ पर दो महिलाओं को रखें। इस दौरान पूर्व सांसद लालचंद कोल, पूर्व विधायक जगतंबा सिंह पटेल, राजेंद्र सिंह पटेल, रामराज पटेल आदि थे।