मप्र विस चुनाव : चुनावी माहौल को भाजपा के पक्ष में बदलने के लिए कई स्टार प्रचारक पहुंचे रतलाम जिले में

Share

रतलाम, 14 नवंबर (हि.स.)। विधानसभा चुनाव का प्रचार 15 नवंबर की शाम को बंद हो जाएगा, इसके पूर्व मंगलवार को जिले की तीन विधानसभाओं में भारतीय जनता पार्टी की विशाल सभाओं ने चुनावी माहौल अपने पक्ष में करने के लिए जोरदार प्रयास किया। तीन स्टार प्रचारकों की इन सभाओं से चुनावी माहौल में गरमाहट आ गई है। अभी तक त्यौहारी गरमाहट के कारण चुनाव प्रचार केवल जनसंपर्क, नुक्कड़ सभा या छोटी-छोटी सभाओं तक सीमित था।

वनवासियों के बीच पहुंचे शिवराजसिंह

मंगलवार को सैलाना विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह की सभा हुई जिसमें हजारों की संख्या में वनवासी तथा ग्रामीण जुटे, यहां भाजपा की पूर्व विधायक एुवं प्रत्याशी संगीता चारेल तथा कांग्रेस प्रत्याशी विधायक हर्ष विजय गेहलोत के बीच मुकाबला है। लेकिन जयस के कमलेश डिंडोर के कारण त्रिकोणीय मुकाबला बन चुका है। हालांकि यहां और भी उम्मीदवार है, लेकिन मुख्य मुकाबला इन तीनों के बीच में ही बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री की सभा के कारण चुनावी हलचल तेज हो गई है। ऊंट किस करवट बैठेगा अब लोग चर्चा करने लगे है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेजकर भाजपा ने दिया आलोट को महत्व

आलोट में भी दो पूर्व सांसदों के साथ वर्तमान विधायक मनोज चावला के बीच त्रिकोणात्मक प्रचार जोर पकड़ रहा है। इसी बीच आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा की सभा ने चुनाव प्रचार भाजपा मय कर दिया है। भाजपा प्रत्याशी डां. चिंतामणी मालवीय तथा कांग्रेस के बागी प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू इसी क्षेत्र के पूर्व सांसद रह चुके है, जो क्रमश: उज्जैन और इंदौर के निवासी है। यह दोनों ही कांग्रेस के वर्तमान विधायक और प्रत्याशी मनोज चावला को टक्कर दे रहे है। इन तीनों उम्मीदवारों में किसका पलड़ा भारी है यह अभी कह नहीं सकते है, लेकिन चुनाव प्रचार में तीनों उम्मीदवार एक-दूसरे को टक्कर दे रहे है। यह भाजपा का गढ़ रहा है, जहां से विधायक रहे थावरचंद गेहलोत राज्य में मंत्री रहे, बाद में अन्य स्थानों से चुनकर सांसद बने, केंद्रीय मंत्री बने और अब कर्नाटक के राज्यपाल है, जिनके कारण क्षेत्र में काफी विकास कार्य हुए है, इसलिए भाजपा का जोर इस क्षेत्र में पहले से ही है और भाजपा के बागी नेता रमेश मालवीय का समर्थन भाजपा को मिलने से भाजपा की स्थिति सुदृढ़ बताई जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय नेता की सभा ने भी इस क्षेत्र को मजबूती प्रदान की ऐसा बताया जा रहा है। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की सभा भी यहां आयोजित हो चुकी है। इससे कांग्रेस नेता उत्साहित है। उनकी सभा के बाद भाजपा की सभा ने चुनावी माहौल बदल दिया ऐसा भी लोग कह रहे है।

भाजपा ने भी जावरा में जातीय समीकरण का ध्यान

जावरा विधानसभा क्षेत्र में भी त्रिकोणात्मक संघर्ष के माहौल में आज केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा उम्मीदवार डा. राजेन्द्र पाण्डेय के पक्ष में बड़ी सभा कर जावरा को भाजपा मय कर दिया है। जगह-जगह आज भाजपा की ही चर्चा शहर में होती रही। डा. पाण्डेय वर्तमान में विधायक है। इनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी वीरेन्द्र सोलंकी और करणीसेना के नेता निर्दलीय उम्मीदवार जीवनसिंह शेरपुर के बीच है। जातीय समीकरण के आधार पर इस चुनाव को देखा जा रहा है। भाजपा नेताओं में परस्पर मतभेद जिले में सबसे अधिक यहीं है। सभी नाराज नेताओं को अन्य विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी देकर भीतरघात संभावना को दूर करने के प्रयास पार्टी हाईकमान द्वारा किए गए है। कितना डेमेज कंट्रोल हुआ है यह तो चुनाव परिणाम से ही पता लगेगा, दलीय भावनाओं को महत्व देने की बात पार्टी हाईकमान ने सभी नेताओं को कही है और कहा है कि कमल निशान का महत्व है और कमल ही चुनाव लड़ रहा है उम्मीदवार गौण है। इसलिए पार्टी हित में सभी कार्यकर्ता काम करें। यही स्थिति कांग्रेस खेमे में भी है। यहां भी प्रत्याशी को बाहरी प्रत्याशी बताया जा रहा है। चूंकि सोलंकी आलोट विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले है, इसलिए इन्हें बाहरी उम्मीदवार बताया जा रहा है, लेकिन कई वर्षों से इन्होंने जावरा विधानसभा क्षेत्र को ही अपना कार्यक्षेत्र बना रखा है।

भारतीय जनता पार्टी रतलाम जिले को कितना महत्व दे रही है यह इस बात से पता लगता है कि जिले में पार्टी के दिग्गज नेताओं की सभाएं हो चुकी है। जहां रतलाम सहित आसपास क्षेत्र के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रधानमंत्री की सभा हुई, रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में गुजरात के मुख्यमंत्री की, सैलाना विधानसभा क्षेत्र के रावटी में मुख्यमंत्री की, जावरा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह और केंद्रीयमंत्री राजनाथसिंह की सभाएं हुई, वहीं आलोट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा की गई, इससे यह संदेश गया कि पार्टी हाईकमान रतलाम की पांचों विधानसभा में भाजपा की जीत को कितना महत्वपूर्ण मान रही है। मालवा की ह्दय स्थली रतलाम में पिछले विधानसभा चुनाव में रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण तथा जावरा में भारतीय जनता पार्टी का परचम फहरा चुका है। केवल आलोट और सैलाना में कांग्रेस को सफलता मिली थी। इस बार भाजपा चाहती है कि जिले की पांचों सीटों पर भाजपा का परचम फहरे ताकि प्रदेश में भाजपा की सरकार पुन: बन सके।