मप्र विस चुनाव: भाजपा का मतलब विकास, तरक्की, आम जनता की सरकार: जेपी नड्डा

Share

रतलाम, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने जिले के आलोट में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का मतलब विकास, तरक्की, आम जनता की हितकारी सरकार और कांग्रेस का मतलब भ्रष्टाचार, अनाचार, विकासहीन देश व समाज, विनाशकारी नीति और परिवारवाद है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं को बंद करने वाली कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की जनता सत्ता से दूर रखे।

श्री नड्डा ने भाजपा प्रत्याशी चिंतामणी मालवीय के समर्थन में आयोजित सभा में कहा कि चुनाव का समय है तो कांग्रेस नेता नए-नए भेष में आते हैं। देश में भाजपा के अलावा कोई दूसरा राजनैतिक दल नहीं है, जो अपना रिपोर्ट कार्ड पेश कर जनता के सामने वोट मांगने जाता हो। भाजपा ने मध्यप्रदेश में अपना रिपोर्ट कार्ड जारी जारी कर जनता को बताया है कि उसने 18 साल की सरकार में क्या-क्या कार्य किया है। कांग्रेस बताए उसने कभी अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी किया है क्या?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घपले घोटालों की सरकार होती है। कांग्रेस पार्टी तीनों लोगों को घोटाला करती है। टू जी और अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला कर अंतरिक्ष में घोटाला किया। पनडुब्बी और कोयाला घोटाला पाताल में किया और धरती पर कितने घोटाले किए आप सब जानते ही हैं, गिनाने की जरूरत है क्या। 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा करके 11 लाख 97 हजार किसानों को डिफाल्टर बना दिया। 4100 करो? का सिंचाई काम्प्लेक्स घोटाला किया और 877 करोड का सिंचाई घोटाला कर दिया। कमलनाथ के पूर्व ओएसडी के घर से करोड़ों बरामद हुए, भांजे भी घोटाले में शामिल हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबों का संबल देने के लिए संबल योजना शुरू की थी, लेकिन कमलनाथ ने मुख्यमंत्री बनते ही गरीबों को संबल देने वाली योजना बंद कर दी थी। कमलनाथ सरकार ने आहार अनुदान योजना, बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराने वाली योजना और गरीबों को 5 रूपए में भोजन देने वाली दीनदयाल रसोई योजना भी बंद कर दी थी।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम के अस्तित्व को नकारने, बाल्मीकी रामायण को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस के नेता नए-नए रामभक्त बनने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं को पता नहीं भगवान राम को कितने वर्ष का वनवास हुआ था। नड्डा ने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि भाईयों एवं बहनों गरीबों को संबल देने वाली योजनाओं का बंद करने वाली कांग्रेस की दुकान मध्यप्रदेश में बंद करने का कार्य आपको करना है। भगवान राम के अस्तित्व को नकारने वाली कांगेस के नेताओं को आराम दो और भाजपा नेताओं को सेवा करने का मौका दें। मध्यप्रदेश में फिर एक बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने के लिए अपना आशीर्वाद भाजपा प्रत्याशियों को दीजिए।